अमेठी में गेहूं के खेत में लगी आग, दो बीघा गेहूं की फसल जलकर राख
अमेठी। जनपद के जगदीशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबूपुर गांव में मंगलवार दोपहर एक गेहूं के खेत में अचानक आग लग गई। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। इस घटना में लगभग दो बीघा खड़ी गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय खेत से धुआं उठता देख बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि तेज हवाओं और भयंकर लपटों के चलते वे आग पर काबू पाने में सफल नहीं हो सके।घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। तब तक खेत में खड़ी फसल पूरी तरह जल चुकी थी।इस हादसे से प्रभावित किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। स्थानीय प्रशासन ने भी घटना की जानकारी लेते हुए स्थिति का जायजा लिया।
गौरतलब है कि गर्मी का मौसम शुरू होते ही क्षेत्र में आग लगने की घटनाएं बढ़ने लगी हैं, जिससे किसानों में चिंता का माहौल बना हुआ है।
Post a Comment