राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई शासकीय महाविद्यालय कुरई के विशेष शिविर का समापन
केएमबी संवाददाता
सिवनी। शासकीय महाविद्यालय कुरई की राष्ट्रीय सेवा योजना (रा.से.यो.) इकाई द्वारा ग्राम चिखली स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती और युवाओं के प्रेरणा स्रोत स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष लोचन सिंह मर्सकोले रहे। लोचन सिंह मर्सकोले ने कहा कि शिविर ने विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ किया है। राष्ट्रीय सेवा योजना जीवन जीने की सकारात्मक सोच है।
कार्यक्रम अधिकारी प्रो पंकज गहरवार ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि शिविर में स्वच्छता अभियान, महिला सशक्तिकरण, मतदाता जागरूकता, वृक्षारोपण, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान,नशामुक्ति अभियान,योगाभ्यास और ग्राम सर्वेक्षण जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। प्रो जेपी मरावी ने स्वयं से पहले आप की भावना को एनएसएस की मूल प्रेरणा बताया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
Post a Comment