सीडीओ ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का किया औचक निरीक्षण
अमेठी। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) पूजा साहू ने विकासखंड गौरीगंज स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का सायंकालीन औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में शिक्षा और खान-पान की गुणवत्ता का जायजा लिया, साथ ही छात्राओं से सीधा संवाद कर फीडबैक भी प्राप्त किया। निरीक्षण के समय खंड शिक्षा अधिकारी अर्जुन सिंह और विद्यालय की वार्डन अंजू सिंह मौजूद थीं।
वार्डन अंजू सिंह ने सीडीओ को बताया कि विद्यालय में कुल 94 छात्राएं नामांकित हैं, जिनमें से निरीक्षण के समय 64 छात्राएं उपस्थित पाई गईं। शेष छात्राएं पारिवारिक कार्यक्रमों या अन्य अवकाश के कारण अनुपस्थित थीं। विद्यालय में वार्डन सहित कुल 8 अध्यापिकाएं कार्यरत हैं।
सीडीओ ने विद्यालय के विभिन्न अनुभागों का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास के कमरों और भोजनालय (मेस) की स्वच्छता की जांच की। स्टॉक रूम में रखे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उनके रखरखाव का भी अवलोकन किया गया। विद्यालय प्रांगण की साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई, जिसके लिए भविष्य में भी इसे बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
Post a Comment