बकरीद पर पुलिस अलर्ट, 112 ईदगाहों पर नमाज व 54 स्थानों पर कुर्बानी की तैयारी
जिले को 17 सेक्टर में बांटा गया, संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था
अमेठी। बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए अमेठी पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिले को सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र 17 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रशासन द्वारा जिले की 112 ईदगाहों पर नमाज अदा कराने तथा 54 स्थानों पर कुर्बानी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारियों को जोन प्रभारी के रूप में सौंपी गई है। सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर रहे हैं तथा प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। नमाज के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम भी सक्रिय रहेगी।
संवेदनशील स्थानों एवं कुर्बानी स्थलों पर विशेष निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन्हौना, मुसाफिरखाना, जायस और जगदीशपुर जैसे क्षेत्रों में कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है। इसके अतिरिक्त हाईवे और भीड़भाड़ वाले इलाकों में ड्रोन कैमरों से भी नजर रखी जाएगी, जिनकी लाइव मॉनिटरिंग पुलिस कंट्रोल रूम से होगी। पुलिस प्रशासन ने सभी थाना प्रभारियों को धर्मगुरुओं, पीस कमेटी के सदस्यों तथा संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठक कर आपसी सौहार्द बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी जारी की गई है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि त्योहार को भाईचारे और शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या समस्या की सूचना तुरंत पुलिस हेल्पलाइन 112 अथवा नजदीकी थाने को दें।
Post a Comment