गोवंश प्रकरण में एसपी का बड़ा एक्शन, जयसिंहपुर इंस्पेक्टर लाइन हाजिर, विवेक राय बने नए प्रभारी
बेजुबानों के प्रति संवेदनशील दिखीं एसपी चारू निगम, गौ रक्षा वाहिनी ने की सराहना
सुल्तानपुर। जनपद के जयसिंहपुर थाना क्षेत्र के माधवपुर गांव में सामने आए गोवंश प्रकरण को लेकर पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जयसिंहपुर के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार मिश्रा को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया। वहीं पुलिस विभाग ने विवेक राय को नया प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया है।
एसपी की इस कार्रवाई के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। माना जा रहा है कि गोवंशों को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों, स्थानीय लोगों की नाराजगी तथा मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए यह कठोर कदम उठाया गया।
माधवपुर में गोवंश मिलने की घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त था। ग्रामीणों और गौ सेवकों द्वारा लगातार प्रशासन से कार्रवाई की मांग की जा रही थी। इसी बीच पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने मामले का संज्ञान लेते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि गोवंशों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस पूरे प्रकरण पर प्रतिक्रिया देते हुए सर्वेश कुमार सिंह ने पुलिस अधीक्षक चारू निगम की कार्यशैली की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि एसपी ने बेजुबान गौवंशों के प्रति अपनी संवेदनशीलता और आत्मीयता का परिचय दिया है। सर्वेश कुमार सिंह ने कहा कि जिस तत्परता से पुलिस अधीक्षक ने मामले में कार्रवाई की, उससे यह स्पष्ट हो गया है कि प्रशासन गौ माता की सुरक्षा को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा कि गौ रक्षा वाहिनी लंबे समय से जमीनी स्तर पर गोवंशों की सेवा और संरक्षण का कार्य कर रही है तथा भविष्य में भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
प्रदेश प्रभारी ने आगे कहा कि पुलिस अधीक्षक चारू निगम केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाजहित और मानवीय मूल्यों से जुड़े विषयों पर भी सक्रियता से कार्य कर रही हैं। उन्होंने एसपी द्वारा पूर्व में किए गए जनहित एवं सराहनीय कार्यों की भी प्रशंसा की।
सर्वेश कुमार सिंह ने कहा कि गौ माता की सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है। यदि प्रशासन, पुलिस और समाज मिलकर कार्य करें तो इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।
फिलहाल जयसिंहपुर थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है और आमजन इसे पुलिस अधीक्षक की सख्त एवं संवेदनशील कार्यशैली से जोड़कर देख रहे हैं।
Post a Comment