खामरपानी चौकी प्रभारी रविन्द्र सिंह डोगरा की कार्यप्रणाली से जनता खुश, झूठी शिकायतों पर बढ़ा आक्रोश
केएमबी ब्यूरो श्रावण कामड़े
बिछुआ न्यूज। आदिवासी विकासखंड बिछुआ क्षेत्र अंतर्गत खामरपानी चौकी प्रभारी रविन्द्र सिंह डोगरा इन दिनों अपनी बेहतर कार्यप्रणाली, त्वरित कार्रवाई और आम जनता के प्रति सहयोगात्मक व्यवहार को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बने हुए हैं। क्षेत्रीय नागरिकों, व्यापारियों एवं ग्रामीणों द्वारा चौकी प्रभारी की कार्यशैली की खुलकर सराहना की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि अब पुलिस केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका समाधान भी कर रही है। चौकी में आने वाले किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाता तथा शिकायतकर्ताओं की बात ध्यानपूर्वक सुनकर मामलों का शीघ्र निराकरण किया जाता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार चौकी प्रभारी रविन्द्र सिंह डोगरा हर छोटे-बड़े मामले में गंभीरता से संज्ञान लेते हैं। चाहे आपसी विवाद हो, मारपीट, सड़क दुर्घटना, चोरी, हत्या प्रकरण अथवा अवैध गतिविधियों से जुड़े मामले — सभी में तत्काल कार्रवाई करते हुए निष्पक्ष जांच की जाती है। कई मामलों में स्वयं मौके पर पहुंचकर विवाद शांत कराए गए तथा समझाइश देकर आपसी सुलह भी करवाई गई, जिससे क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि पुलिस का व्यवहार पहले की तुलना में काफी बेहतर हुआ है। चौकी प्रभारी का सरल और सौम्य व्यवहार लोगों को अपनी बात खुलकर रखने का अवसर देता है। विशेष रूप से गरीब, मजदूर और ग्रामीण वर्ग के लोगों को पुलिस से सहयोग मिल रहा है।
युवाओं ने भी पुलिस की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस की मुस्तैदी से असामाजिक तत्वों में भय का माहौल है, वहीं आम नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार चौकी प्रभारी दिन-रात क्षेत्र में सक्रिय रहकर लगातार गश्त करते हैं तथा कानून व्यवस्था पर नजर बनाए रखते हैं। किसी भी घटना की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की जाती है।
इसी बीच क्षेत्र में यह चर्चा भी है कि कुछ तथाकथित लोग निजी स्वार्थ के चलते चौकी प्रभारी की झूठी शिकायतें करने में लगे हुए हैं। इसको लेकर आम जनता में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों एवं नागरिकों का कहना है कि ईमानदारी से कार्य करने वाले अधिकारियों को बदनाम करने का प्रयास उचित नहीं है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र के लोग ऐसे तथाकथित लोगों के खिलाफ ज्ञापन देने की तैयारी कर रहे हैं। जनता का कहना है कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल समाज में शांति और सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है, और खामरपानी चौकी इस दिशा में सकारात्मक कार्य कर रही है। लगातार मिल रही सराहना से साफ है कि क्षेत्र की जनता पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली से संतुष्ट नजर आ रही है।
Post a Comment