सुलतानपुर पुलिस लाइन्स में 27वीं अन्तर-जनपदीय वॉलीबॉल व सेपक टकरा प्रतियोगिता-2026 का भव्य आगाज
सुल्तानपुर। पुलिस अधीक्षक महोदया के कुशल निर्देशन में आज जनपद सुलतानपुर पुलिस लाइन्स में 27वीं अन्तर-जनपदीय लखनऊ जोन वॉलीबॉल (महिला/पुरुष) व सेपक टकरा प्रतियोगिता-2026 का विधिवत उद्घाटन किया गया। विदित हो कि पुलिस अधीक्षक उक्त आयोजन की सचिव हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। तीन दिवसीय जोनल खेलकूद प्रतियोगिता की मेजबानी जनपद सुलतानपुर पुलिस द्वारा की जा रही है। प्रतियोगिता के संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक, श्रीमती चारू निगम ने बताया कि उत्तर प्रदेश स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के कैलेंडर के अनुसार आयोजित इस टूर्नामेंट में लखनऊ जोन के कुल 09 जनपदों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। इसमें लगभग 110 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। मैचों के सुचारू और समयबद्ध संचालन के लिए पुलिस लाइन्स में कोर्ट की व्यवस्था की गई है। वॉलीबॉल और सेपक टकरा (महिला व पुरुष वर्ग) की यह प्रतियोगिता तीन दिनों तक चलेगी, जिसका समापन आगामी रविवार को होगा। उद्घाटन अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारीगण, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे। इस गरिमामयी आयोजन के माध्यम से पुलिस कर्मियों के बीच खेल भावना और अनुशासन को बढ़ावा दिया जा रहा है।
Post a Comment