⚡ ब्रेकिंग News

निर्माणाधीन मकान पर लगा ताला, हंगामे के बाद पुलिस ने संभाला मोर्चा

निर्माणाधीन मकान पर लगा ताला, हंगामे के बाद पुलिस ने संभाला मोर्चा

केएमबी खुर्शीद अहमद
अमेठी। नगर क्षेत्र की सरायराजशाह ग्राम पंचायत स्थित बाईपास मार्ग पर शनिवार को जमीन विवाद को लेकर तनाव की स्थिति बन गई। प्रशासन द्वारा एक निर्माणाधीन मकान के गेट पर ताला लगाए जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। शाम होते-होते मौके पर हंगामा शुरू हो गया, जिसके बाद पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
फौजी रामदेव मौर्य का आरोप है कि उन्होंने संबंधित भूमि का विधिवत बैनामा कराया है और उसी भूमि पर मकान का निर्माण करा रहे थे। निर्माणाधीन भवन में गेट भी लगाया जा चुका था। उनका कहना है कि बिना पूर्व सूचना या नोटिस के भवन पर ताला लगाए जाने से उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है। वहीं राकेश वर्मा ने प्रशासन से शिकायत कर उक्त भूमि पर अपना दावा जताया और निर्माण कार्य रुकवाने की मांग की थी। शिकायत के बाद नायब तहसीलदार राजस्व एवं पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच के दौरान निर्माणाधीन मकान के गेट पर ताला लगवा दिया।
प्रशासनिक कार्रवाई के बाद दोनों पक्षों के समर्थकों में नाराजगी बढ़ गई। शनिवार शाम बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और कहासुनी के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति शांत कराई। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली भेजा गया।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक श्रीराम पांडेय ने बताया कि निर्माणाधीन मकान में ताला मजिस्ट्रेट के आदेश पर लगाया गया है। भूमि विवाद की जांच राजस्व विभाग कर रहा है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
नोट: भूमि स्वामित्व और विवाद से जुड़े दावे संबंधित पक्षों के आरोप एवं प्रशासनिक कार्रवाई के आधार पर हैं। अंतिम निर्णय जांच और राजस्व अभिलेखों के अनुसार होगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...