पुलिस एवं एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में 104 किलो गांजा बरामद, आयसर डीसीएम के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
सुलतानपुर। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बंधुआकला पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 104 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से गांजा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे छह टायरा आयसर डीसीएम वाहन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 25 जुलाई 2026 को बंधुआकला थाना क्षेत्र में लखनऊ-सुलतानपुर हाईवे पर डेरा बसी ढाबा के सामने चेकिंग के दौरान आरोपी विजय पाल (37) पुत्र रामकिसन, निवासी नियाजपुर भदार, थाना हैदरगंज, जनपद अयोध्या को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान डीसीएम से तीन बोरियों में टेप से पैक किए गए 52 पैकेटों में कुल 104 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।बरामद गांजे के अलावा पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त आयसर डीसीएम वाहन संख्या यूपी42सीटी7793, एक आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और वीवो मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया है।पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 144/2026, धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विजय पाल का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ रायबरेली के डलमऊ थाने में गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत मैनपुरी कोतवाली में धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ दर्ज मामलों में मु0अ0सं0 02/2023 धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट, थाना डलमऊ, मु0अ0सं0 368/2021 धारा 8/20/27(ए) एनडीपीएस एक्ट, थाना डलमऊ और मु0अ0सं0 504/2021 धारा 406/420 भादवि, थाना कोतवाली मैनपुरी शामिल हैं। वही इस कार्यवाही में एसटीएफ मुख्यालय लखनऊ और थाना बंधुआकला पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस अब बरामद गांजे की तस्करी के नेटवर्क और आरोपी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
Post a Comment