शिवगढ़ गौशाला में फिर गौवंश की हुई मौत, व्यवस्था पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने उठई जांच की मांग
सुलतानपुर। विकासखंड लम्भुआ स्थित शिवगढ़ गौशाला में एक बार फिर गौवंश की मौत का मामला सामने आया है। शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने मृत गौवंश को ठेले पर ले जाते हुए तथा बाद में जेसीबी मशीन से गड्ढा खोदकर दफनाते हुए देखा। घटना के बाद गौशाला की व्यवस्थाओं और निगरानी प्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। मौके से सामने आई तस्वीरों में जेसीबी मशीन से गड्ढा खोदकर मृत गौवंश को दफनाने की प्रक्रिया दिखाई दे रही है। वहीं दूसरी तस्वीर में मृत गौवंश को ठेले पर ले जाया जा रहा है। तस्वीरों पर अंकित जीपीएस लोकेशन के अनुसार घटना शिवगढ़, लम्भुआ (सुलतानपुर) क्षेत्र की बताई जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि गौशाला में गौवंशों की मौत की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रही हैं। उनका कहना है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि गौशाला में चारा, पानी, पशु चिकित्सा, साफ-सफाई और रखरखाव की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कराया जाए, ताकि गौवंशों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
समाचार लिखे जाने तक इस मामले में संबंधित विभाग या जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यदि प्रशासन की ओर से कोई प्रतिक्रिया प्राप्त होती है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा। यह समाचार घटनास्थल पर उपलब्ध तस्वीरों एवं स्थानीय लोगों से प्राप्त जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है। गौवंश की मृत्यु का वास्तविक कारण तथा किसी भी प्रकार की जिम्मेदारी का निर्धारण सक्षम प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
Post a Comment