⚡ ब्रेकिंग News

लखनऊ वाराणसी रेलखंड सिंदुरवा में मालगाड़ी के सात वैगन डिरेल, मेन लाइन सुरक्षित, बड़ा हादसा टला

लखनऊ वाराणसी रेलखंड सिंदुरवा में मालगाड़ी के सात वैगन डिरेल, मेन लाइन सुरक्षित, बड़ा हादसा टला

केएमबी खुर्शीद अहमद
अमेठी। जगदीशपुर स्थित लखनऊ–वाराणसी रेलखंड पर शनिवार सुबह सिंदुरवा रेलवे स्टेशन के समीप इंडोरामा उर्वरक इकाई की रेलवे साइडिंग पर मालगाड़ी के सात वैगन पटरी से उतर जाने से हड़कंप मच गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसा मुख्य रेल मार्ग पर नहीं, बल्कि साइडिंग ट्रैक पर हुआ। इससे यात्री ट्रेनों का संचालन पूरी तरह सामान्य रहा और एक बड़ा रेल हादसा टल गया।जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5:15 बजे इंडोरामा उर्वरक इकाई में खाद की लोडिंग के लिए जा रही मालगाड़ी साइडिंग ट्रैक से गुजर रही थी। इसी दौरान सिंदुरवा रेलवे स्टेशन के पास अचानक मालगाड़ी के सात वैगन डिरेल हो गए। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल ट्रेन रोक दी, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हादसे में साइडिंग ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके कारण इंडोरामा उर्वरक इकाई में मालगाड़ियों की आवाजाही और खाद की लोडिंग का कार्य अस्थायी रूप से प्रभावित हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के इंजीनियरिंग एवं परिचालन विभाग के अधिकारी तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम मौके पर पहुंच गई। प्रभावित क्षेत्र की घेराबंदी कर राहत एवं बहाली कार्य शुरू कर दिया गया। रेलवे कर्मचारी युद्धस्तर पर डिरेल हुए वैगनों को हटाने और ट्रैक को दुरुस्त करने में जुटे हैं। आरपीएफ निहालगढ़ के उपनिरीक्षक रमेश कुमार ने बताया कि घटना इंडोरामा फैक्ट्री को जाने वाले साइडिंग ट्रैक पर हुई है। वहीं सिंदुरवा स्टेशन अधीक्षक अमित कुमार ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मुख्य रेल लाइन पूरी तरह सुरक्षित है और यात्री ट्रेनों का संचालन सामान्य रूप से जारी है। उन्होंने कहा कि साइडिंग ट्रैक की मरम्मत पूरी होने के बाद ही मालगाड़ियों का संचालन पुनः शुरू किया जाएगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी कारणों की संभावना जताई जा रही है। रेलवे प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जल्द से जल्द ट्रैक को बहाल कर माल ढुलाई सामान्य कर दी जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...