अमेठी सांसद की अध्यक्षता में संपन्न दिशा की बैठक में शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
अमेठी। विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में शनिवार को सांसद किशोरी लाल शर्मा की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।बैठक में सांसद ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई शिकायतों और विकास संबंधी प्रस्तावों को गंभीरता से लेकर समयबद्ध ढंग से उनका निस्तारण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाए रखते हुए पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।बैठक के दौरान मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।जिलाधिकारी संजय चौहान ने कहा कि बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सभी सुझावों एवं निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को लाभार्थीपरक योजनाओं में पात्र व्यक्तियों को प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित करने के निर्देश दिए। बैठक में विधान परिषद सदस्य गोविंद नारायण शुक्ल, विधायक राकेश प्रताप सिंह, विधायक महराजी प्रजापति, पूर्व एमएलसी दीपक सिंह, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी., मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, अपर जिलाधिकारी ज्योति सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक के अंत में सांसद ने राकेश पांडे द्वारा लिखित "उत्तर प्रदेश का स्वतंत्रता संग्राम : अमेठी" पुस्तक का विमोचन भी किया।
Post a Comment