सांडों के आतंक से गिरा आशियाना, पीड़ित परिवार बेघर, ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई मदद की गुहार
ढ़ोढनपुर (अमेठी)। जनपद अमेठी के तिलोई ब्लॉक अंतर्गत ढ़ोढनपुर ग्राम में शाम करीब 7:50 बजे उस समय अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई, जब दो बेकाबू सांड आपस में लड़ते-लड़ते मो. बाकर (पुत्र मो. शब्बीर) के दरवाजे में जा घुसे। लड़ाई के दौरान सांडों की जोरदार टक्कर से सहन में लगा सीमेंट का पतरा पिलर सहित ढह गया। उस समय मो. बाकर की पत्नी जन्नतुल अपने मासूम बच्चों के साथ वहीं बैठी थीं, जिन्होंने भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। पीड़िता के पति मो. बाकर परदेश में मजदूरी करते हैं। घर का यह हिस्सा ही परिवार के सिर छिपाने का एकमात्र सहारा था, जो इस हादसे में पूरी तरह नष्ट हो गया है। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण व समाजसेवी शराफत हुसैन तथा राधिका प्रसाद ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और यथासंभव हर संभव मदद का भरोसा दिया। ग्रामीणों ने शासन व प्रशासन से पीड़ित परिवार को अविलंब आर्थिक सहायता एवं मुआवजा दिए जाने की मांग की है।
Post a Comment