मैरवा थाना में पुलिस-शिक्षक संवाद, सुरक्षित शैक्षणिक माहौल पर मंथन
मैरवा। पुलिस शिक्षण संवाद कार्यक्रम के तहत मैरवा थाना परिसर में क्षेत्र के शिक्षकों एवं कोचिंग संस्थान संचालकों के साथ महत्वपूर्ण समन्वय एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक में शिक्षण संस्थानों से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था, विद्यार्थियों की सुरक्षा तथा शिक्षक एवं कोचिंग संचालकों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने शिक्षण संस्थानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने, विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर पुलिस को तत्काल सूचना देने की बात कही। शिक्षकों और कोचिंग संचालकों ने भी अपने स्तर से सुरक्षा से जुड़ी आवश्यकताओं एवं स्थानीय समस्याओं को पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखा। मैरवा थाना प्रभारी राहुल कुमार ने शिक्षण संस्थानों की सुरक्षा को लेकर हरसंभव सहयोग एवं आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। वहीं मैरवा सर्किल इंस्पेक्टर रत्नेश कुमार वर्मा ने पुलिस और शिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय को विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं अनुशासित शैक्षणिक वातावरण के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में शिक्षक अभिषेक कुमार, संदीप कुमार, अमरेंद्र कुमार, मनु कुमार, सुनील कुमार, संजय कुमार एवं सतीश कुमार समेत मैरवा थाना क्षेत्र के विभिन्न कोचिंग संस्थानों के संचालक एवं शिक्षक मौजूद रहे। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि पुलिस और शिक्षण संस्थानों के बीच नियमित संवाद बना रहे, ताकि विद्यार्थियों से जुड़ी सुरक्षा संबंधी समस्याओं का समय पर समाधान किया जा सके। पुलिस-शिक्षक संवाद को क्षेत्र में सुरक्षित एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना गया।
Post a Comment