रात की बिजली कटौती बंद करने और जर्जर तार बदलने की मांग, महारानी गरिमा सिंह की पुत्रवधू ने रखी मांग
अमेठी। विधानसभा क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती और जर्जर विद्युत तारों की समस्या को लेकर पूर्व भाजपा विधायक महारानी गरिमा सिंह की पुत्रवधू शाम्भवी अनन्त विक्रम सिंह ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर विद्युत व्यवस्था में सुधार की मांग की है। उन्होंने विद्युत वितरण खंड गौरीगंज के अधिशासी अभियंता उमेश कुमार को पत्र देकर क्षेत्र की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग उठाई।
ज्ञापन में कहा गया कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने से आम उपभोक्ताओं के साथ किसानों और विद्यार्थियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से लटके और जर्जर विद्युत तारों को तत्काल बदलने के साथ ही खराब और क्षतिग्रस्त विद्युत पोलों को दुरुस्त कराने की मांग की गई। शाम्भवी अनन्त विक्रम सिंह ने कहा कि विद्युत लाइनों, तारों और पोलों का आवश्यक रखरखाव दिन के समय कराया जाए, ताकि रात के समय बिजली आपूर्ति बाधित न हो। उन्होंने शाम के बाद होने वाली बिजली कटौती पर रोक लगाने की मांग करते हुए कहा कि रात में बिजली बाधित होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती है, वहीं किसानों और ग्रामीणों की दिनचर्या पर भी इसका असर पड़ता है। उन्होंने क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की नियमित निगरानी और जर्जर विद्युत ढांचे को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराने की मांग की।ज्ञापन प्राप्त करते हुए अधिशासी अभियंता उमेश कुमार ने समस्याओं का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई और जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
Post a Comment