फूड प्वाइजनिंग से 102 लोग बीमार, 17 अस्पताल में भर्ती, डीएम-एसपी ने अस्पताल पहुंचकर अधिकारियों को दिए बेहतर उपचार के निर्देश
तिलोई,अमेठी। जनपद अमेठी की तिलोई तहसील के कोटवा भदसाना गांव में खस्ता और चाट खाने के बाद करीब 102 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। बीमार होने वालों में 39 बच्चे और 63 वयस्क शामिल हैं। सभी में उल्टी और दस्त के लक्षण पाए गए। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर प्रभावित लोगों का उपचार शुरू किया। प्राथमिक उपचार के बाद भी जिन मरीजों की हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ, उनमें से 17 लोगों को बेहतर इलाज के लिए 200 शैय्या जिला रेफरल चिकित्सालय, तिलोई में भर्ती कराया गया। इनमें 10 बच्चे और सात वयस्क शामिल हैं।चिकित्सकों की निगरानी में सभी का उपचार किया जा रहा है।
डीएम-एसपी ने अस्पताल पहुंचकर जाना मरीजों का हाल
घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी शशांक चौधरी और पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने संयुक्त रूप से अस्पताल का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर हाल-चाल जाना। साथ ही चिकित्सकों से मरीजों की स्थिति, उपचार और उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।जिलाधिकारी ने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि सभी मरीजों को बेहतर और समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि मरीजों के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जाए और इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। जिलाधिकारी के अनुसार, अस्पताल में भर्ती मरीजों का समुचित उपचार किया जा रहा है और आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।खाद्य पदार्थों से जुड़ी इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने संबंधित दुकानदारों और उनके सप्लायर के विरुद्ध कार्रवाई शुरू की है। प्रशासन के अनुसार, दोषी पाए गए दुकानदारों और सप्लायर के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन का कहना है कि प्रभावित लोगों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के साथ ही मामले में जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Post a Comment