जिला जज, डीएम, एसपी एवं सीडीओ ने राजकीय बाल गृह का किया निरीक्षण
देवरिया। जनपद न्यायाधीश धनेन्द्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर एवं मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने राजकीय बाल गृह, देवरिया का निरीक्षण कर वहां रह रहे बच्चों की देखभाल, सुरक्षा एवं उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बाल गृह की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए बच्चों के रहने, खाने-पीने, स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा तथा मनोरंजन से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
अधिकारियों ने बाल गृह में बच्चों के रहने के कमरों, बिस्तरों, पेयजल, शौचालय एवं स्नानघर की साफ-सफाई तथा परिसर की स्वच्छता का जायजा लिया। भोजन की गुणवत्ता, रसोईघर की व्यवस्था, खाद्य सामग्री के रखरखाव और बच्चों को निर्धारित समय पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराए जाने के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक दवाओं, उपचार एवं नियमित स्वास्थ्य देखभाल की व्यवस्था के बारे में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान बच्चों की शिक्षा, पढ़ाई के लिए उपलब्ध सुविधाओं, दैनिक दिनचर्या, खेलकूद एवं मनोरंजन की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने बच्चों से बातचीत कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और उन्हें उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही बाल गृह में बच्चों की सुरक्षा, देखरेख, कर्मचारियों की भूमिका तथा अभिलेखों के रखरखाव की स्थिति का भी अवलोकन किया।
अधिकारियों ने बच्चों के साथ संवेदनशीलता एवं आत्मीयता से व्यवहार करने तथा उनके संरक्षण, सुरक्षा, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बाल गृह में रहने वाले बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है, ताकि उन्हें बेहतर देखभाल के साथ शिक्षा और विकास के पर्याप्त अवसर मिल सकें।
Post a Comment