प्राथमिक विद्यालय में एक महीने से जलभराव, शौचालय डूबे, 36 बच्चों को बाहर जाना पड़ रहा
अमेठी। भेंटुआ विकासखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय पीपरपुर में करीब एक महीने से जलभराव की समस्या बनी हुई है। विद्यालय परिसर में पानी भरा होने के कारण रसोई, दिव्यांग शौचालय और अन्य शौचालय डूबे हुए हैं। ऐसे में बच्चों को शौच के लिए बाहर जाना पड़ रहा है। जलभराव के चलते बच्चों की सुरक्षा, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। विद्यालय में 36 बच्चे पंजीकृत हैं। इसी परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र में भी करीब 36 बच्चे पंजीकृत हैं। विद्यालय में तीन दिव्यांग विद्यार्थी भी पढ़ते हैं। पूरे बरसात के मौसम में परिसर में पानी भरा रहा और मौसम बदलने के बाद भी जलभराव से राहत नहीं मिल सकी है। विद्यालय परिसर में पानी भरा होने के कारण रसोई और शौचालयों का इस्तेमाल प्रभावित हो रहा है। बच्चों के भोजन की व्यवस्था वैकल्पिक तरीके से की जा रही है, जबकि शौचालयों में पानी भरने से विद्यार्थियों को बाहर जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इससे बच्चों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक हरकेश बहादुर सिंह के मुताबिक, करीब एक महीने पहले विद्यालय प्रबंधन और प्रभारी खंड विकास अधिकारी दिव्या सिंह को लिखित सूचना देकर जलभराव की समस्या के समाधान की मांग की गई थी। इसके बावजूद अब तक पानी की निकासी की प्रभावी व्यवस्था नहीं हो सकी है।
विद्यालय में सहायक अध्यापक सुमलता तथा शिक्षामित्र मंजू और धीरेंद्र कुमार यादव तैनात हैं। जलभराव की समस्या के कारण विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ग्राम पंचायत सचिव अनिल पटेल ने बताया कि खंड विकास अधिकारी के निर्देश पर जेसीबी की मदद से पानी निकालने का प्रयास किया गया था, लेकिन विद्यालय के बगल में बड़ा तालाब होने और आसपास जलभराव की स्थिति के कारण पानी नहीं निकल सका। उन्होंने जल्द समस्या का समाधान कराने की बात कही।विद्यालय में लंबे समय से जलभराव की समस्या बने रहने से बच्चों की सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर चिंता बढ़ गई है। एक महीने पहले सूचना दिए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
Post a Comment