कक्षा 8 की छात्रा अंशिका बनीं एक दिन की एसडीएम, सुनीं जनसमस्याएं
अमेठी। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के अंतर्गत जिलाधिकारी शशांक चौधरी के निर्देश पर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, गौरीगंज की कक्षा 8 की छात्रा अंशिका को एक दिन के लिए उप जिलाधिकारी गौरीगंज बनाया गया। इस पहल के माध्यम से छात्रा को प्रशासनिक कार्यप्रणाली समझने और जनसेवा की जिम्मेदारियों का अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिला। एक दिन की एसडीएम बनीं अंशिका ने उप जिलाधिकारी कार्यालय में लोगों की समस्याएं सुनीं तथा उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व संबंधी कार्यों और विभिन्न प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की। साथ ही, पत्रावलियों के सुव्यवस्थित रखरखाव, राजस्व मामलों के समयबद्ध निस्तारण और कार्यालयीन कार्यों की समीक्षा के संबंध में भी जानकारी ली। इस दौरान छात्रा अंशिका ने कार्यालय परिसर में पर्याप्त साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश भी दिए। इस गतिविधि का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, निर्णय लेने की क्षमता, नेतृत्व कौशल और प्रशासनिक जिम्मेदारियों के प्रति समझ विकसित करना रहा। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी गौरीगंज दिशा श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार अनुश्री त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
Post a Comment