कूरेभार थाने का एसपी चारू निगम ने किया वार्षिक निरीक्षण, दिये जरूरी दिशा निर्देश
सुलतानपुर। पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने थाना कूरेभार का वार्षिक निरीक्षण कर महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, कार्यालय अभिलेख, हवालात, मेस, रिसेप्शन रूम व थाना परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान महिला हेल्प डेस्क पर पीड़िताओं की शिकायतों के त्वरित निस्तारण और फीडबैक व्यवस्था की समीक्षा की गई। एसपी ने मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को जागरूक करने तथा शिकायतों पर निष्पक्ष व प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। टॉप-10 अपराधियों व हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी तथा शराब, खनन व भू-माफियाओं के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की प्रगति भी परखी गई। अपराध व त्योहार रजिस्टर का अवलोकन करते हुए परिसर में खड़े लावारिस वाहनों के शीघ्र निस्तारण को कहा गया। पुलिस मेस में भोजन की गुणवत्ता व साफ-सफाई जांची गई और कर्मियों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही आगंतुकों के लिए स्वच्छ वातावरण, पेयजल व प्रसाधन की उचित व्यवस्था तथा परिसर में वृक्षारोपण व स्वच्छता अभियान चलाने हेतु क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया।
Post a Comment