⚡ ब्रेकिंग News

कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी मंत्री ने की विकास कार्यों की समीक्षा एवं दिए आवश्यक निर्देश

कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी मंत्री ने की विकास कार्यों की समीक्षा एवं दिए आवश्यक निर्देश

केएमबी ब्यूरो लियाकत अहमद
देवरिया, 25 फरवरी। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) परिवहन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन एवं जनपद के प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, रुद्रपुर विधायक जयप्रकाश निषाद, सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी, रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया, भाटपार रानी विधायक सभाकुंवर, जिला पंचायत अध्यक्ष पं० गिरीश चंद्र तिवारी, एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह के प्रतिनिधि राजू मणि, एमएलसी ध्रुव त्रिपाठी के प्रतिनिधि अवधेश सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सहित जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिलाधिकारी दिव्या मित्तल, पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन, मुख्य विकास अधिकारी राजेश सिंह सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
 प्रभारी मंत्री ने ग्राम विकास विभाग, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, स्वयं सहायता समूह गठन, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी), 15वें वित्त आयोग अंतर्गत ग्राम पंचायत कार्य, ऑपरेशन कायाकल्प, जल जीवन मिशन, गौ संरक्षण, पीएम सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना तथा पीएम कुसुम योजना की प्रगति की समीक्षा की। जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान जनप्रतिनिधियों ने ब्लॉकवार जलापूर्ति एवं संचालित योजनाओं की अद्यतन सूची उपलब्ध कराने का सुझाव दिया, जिस पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्माणाधीन एवं पूर्ण सड़कों का विवरण प्रस्तुत करने को कहा गया। विद्युत पोल शिफ्टिंग एवं अन्य आधारभूत संरचना कार्यों की भी प्रगति जानी गई।
 बैठक में वृद्धावस्था पेंशन योजना, निराश्रित महिला पेंशन, दिव्यांग पेंशन एवं आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत लाभार्थियों की स्थिति की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से आच्छादित करने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सुझावों को प्राथमिकता के साथ क्रियान्वित किया जाए।
इस अवसर पर कृषि मंत्री ने कहा कि जनपद में संचालित सभी विभागीय योजनाओं में बेहतर समन्वय एवं परिणामोन्मुख कार्यशैली अपनाई जाए। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करते हुए पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि प्रभारी मंत्री द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करते हुए अगली बैठक में अद्यतन प्रगति प्रस्तुत की जाएगी। बैठक में सहभागिता हेतु सभी जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...