अहोरवा भवानी में किसानों की न्याय पदयात्रा, सौंपा गया 18 सूत्रीय ज्ञापन
अमेठी। तहसील तिलोई क्षेत्र के मां अहोरवा भवानी मंदिर 18 मार्च को भारतीय किसान यूनियन (भानू) के राष्ट्रीय महामंत्री सतेन्द्र दुबे के मार्गदर्शन तथा तहसील अध्यक्ष नन्द कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में बुधवार को गरीब पीड़ित किसानों की समस्याओं को लेकर न्याय पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा मां अहोरवा मैया का आशीर्वाद लेकर हजारों किसानों की सहभागिता के साथ अहोरवा भवानी चौराहे से प्रारम्भ हुई। यह पदयात्रा गम्भीरशाह का पुरवा, सोना का ताल, महेशपुर, शहादतगंज और इन्हौना चौराहा होते हुए मां अहोरवा भवानी रेलवे स्टेशन पहुंची। वहां किसानों ने जिलाधिकारी को संबोधित 18 सूत्रीय ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपकर किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की।किसानों की प्रमुख मांगों में किसान आयोग का गठन, किसानों के कर्ज माफ करने, मां अहोरवा भवानी (अकबरगंज) रेलवे स्टेशन पर शटल एक्सप्रेस, महाकाल एक्सप्रेस और कुम्भ एक्सप्रेस सहित पैसेंजर ट्रेनों के ठहराव की व्यवस्था करने की मांग प्रमुख रही। इसके अलावा क्षेत्र के गांवों में लाल बंदरों और नीलगायों के आतंक से किसानों को राहत दिलाने, मियागंज से धीरापुर होते हुए महेशपुर तक सड़क निर्माण कराने तथा दशकों से रह रहे गरीब परिवारों को बेघर न किए जाने की मांग भी उठाई गई।ज्ञापन में शिक्षा के व्यवसायीकरण पर रोक लगाने, सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था सुधारने, निजी अस्पतालों की मनमानी पर अंकुश लगाने तथा राजस्व विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार समाप्त करने की भी मांग की गई। इसके साथ ही नहरों में मानक के अनुसार पानी छोड़े जाने, प्रदेश के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए रिक्त पदों पर भर्ती निकालने, बिजली के निजीकरण पर रोक लगाने और किसानों पर जबरन स्मार्ट मीटर न लगाए जाने की मांग की गई।इस दौरान युवा जिला अध्यक्ष राघवेन्द्र कुमार मिश्र, सुमित तिवारी, पवन पासी, राम सेवक, हरखू, मैकू, हरिकेश तिवारी, इंतजार अहमद, जुनैद अहमद, मोहित पासी, रोहित सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
Post a Comment