अमेठी एसपी सर्वनन टी एक्शन मोड में, ऑपरेशन चक्रव्यूह से अपराधियों पर शिकंजा, थानेदारों की गुप्त जांच शुरू
अमेठी। जिले की कमान संभालने के बाद पुलिस अधीक्षक सर्वनन टी कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पूरी तरह एक्शन मोड में दिखाई दे रहे हैं। अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था को और अधिक जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से उन्होंने पूरे जिले में ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ अभियान शुरू करा दिया है। इसके साथ ही थानों के कार्यों की सघन समीक्षा और थानाध्यक्षों की गुप्त जांच भी शुरू कर दी गई है।सूत्रों के मुताबिक ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत जिले भर में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की टीमें सक्रिय होकर संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए हुए हैं, वहीं वांछित और सक्रिय अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य जिले में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाना और आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ने काम में लापरवाही बरतने वाले थानाध्यक्षों की गोपनीय जांच भी शुरू करा दी है। बताया जा रहा है कि जिले के कई बड़े थानों की कार्यप्रणाली पर विशेष नजर रखी जा रही है। विभिन्न स्तरों से प्राप्त गोपनीय रिपोर्टों और फीडबैक के आधार पर थानों के कामकाज, अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था की स्थिति का गहन मूल्यांकन किया जा रहा है।सूत्रों का कहना है कि जिन थानों में अपेक्षित परिणाम नहीं मिल रहे हैं या कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं, वहां जल्द ही प्रशासनिक बदलाव किए जा सकते हैं। ऐसे में आने वाले समय में जिले के कई थानों में बड़े पैमाने पर फेरबदल होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस महकमे में भी इस कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि बेहतर कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक जल्द ही कुछ महत्वपूर्ण प्रशासनिक फैसले ले सकते हैं।
Post a Comment