विशुनपुर ढाला के पास मौर्य एक्सप्रेस की चपेट में आने से युवक की मौत
देवरिया। भाटपार रानी थाना क्षेत्र में एक युवक की मौर्य एक्सप्रेस की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना विशुनपुर ढाला के पास हुई। मृतक की पहचान राजन राजभर के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।मृतक राजन राजभर (25) पुत्र स्वर्गीय सीताराम,छोटका गांव, भरवा टोली, थाना भाटपार रानी का निवासी था। वह पंजाब में आर्क बिल्डर का काम करता था और कुछ दिन पहले ही अपने गांव लौटा था। बताया जा रहा है कि राजन गांव के बाहर सड़क किनारे नया मकान बनवा रहा था और इसी सिलसिले में घर आया हुआ था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब मौर्य एक्सप्रेस ट्रेन विशुनपुर ढाला के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान राजन ट्रेन की चपेट में आ गया। हालांकि, घटना कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही राजन के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिवार में मातम छा गया। ग्रामीणों ने बताया कि राजन मेहनती और मिलनसार युवक था और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, लेकिन विस्तृत जांच के बाद हीवास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Post a Comment