कंपोजिट विद्यालय टेढ़ई में आधुनिक आईसीटी लैब का हुआ शुभारम्भ
अमेठी। विकासखंड सिंहपुर अंतर्गत सूबे की सरकार की मंशा के आधार पर कार्य तेजी से चल रहा है। क्षेत्र के टेढ़ई गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय में बीते सोमवार को बच्चों के परीक्षाफल वितरण को एक उत्साह बना दिया गया। इस प्रकार के आयोजन से सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के अंदर सरकारी स्कूलों में एडमिशन लेने की ललक बढ़ेगी। आज कल के परिवेश में जहां माता-पिता और बच्चों के मन में प्राइवेट विद्यालयों की तरफ एडमिशन लेने की होड लगी हुई है ऐसे में कंपोजिट विद्यालय टेढ़ई ने एक उदाहरण प्रस्तुत किया कि सरकारी स्कूल किसी मायने में प्राइवेट स्कूलों से कम नहीं हैं। आधुनिक डिजिटल भारत में सरकारी स्कूल के बच्चे पीछे न हो जाएं इसीलिए इस विद्यालय ने बच्चों को डिजिटल की दुनिया में आगे बढ़ाने के लिए आईटीसी लैब का भी उद्घाटन सोमवार को कर दिया है। आईटीसी लैब स्कूलों में स्थापित एक विशेष कंप्यूटर लैब है, जो इंटरनेट से जुड़े कंप्यूटरों, सॉफ्टवेयर और डिजिटल टूल्स के माध्यम से छात्रों को व्यावहारिक तकनीकी शिक्षा प्रदान करती है। इस लैब का मुख्य उद्देश्य बच्चों को डिजिटल साक्षर बनाना, प्रोग्रामिंग सीखना और स्मार्ट क्लासेज के माध्यम से विषयों को रुचिकर तरीके से पढ़ाना है। आईटीसी लैब में शिक्षक बच्चों को डिजिटल वीडियो और शैक्षिक सामग्री के जरिए जटिल विषयों को आसानी से समझा सकेंगे। आईटीसी लैब का शुभारंभ सिंहपुर ब्लॉक प्रमुख अंकित पासी व खंड शिक्षा अधिकारी हरिओम तिवारी ने सम्मिलित रूप से किया। साथ ही साथ मेधावी बच्चों को परीक्षाफल और पुरस्कृत भी किया गया। प्रधानाध्यापक ओंकार पांडेय ने सभी आगंतुक मेहमानों का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। सैकड़ों की संख्या में बच्चों के साथ-साथ ग्रामप्रधान गौरव श्रीवास्तव संतप्रसाद यादव, घनश्याम साहू आदि लोग मौजूद रहे।
Post a Comment