अमेठी में 6 से 15 अप्रैल तक फार्मर रजिस्ट्री अभियान, किसानों से पंजीकरण कराने की अपील
अमेठी। जनपद में किसानों के लिए 6 से 15 अप्रैल 2026 तक विशेष अभियान चलाकर किसान पहचान पत्र (फार्मर रजिस्ट्री) बनाने का कार्य किया जाएगा। यह जानकारी उप कृषि निदेशक सत्येन्द्र कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान के तहत सभी किसानों का पंजीकरण अनिवार्य किया जा रहा है। भविष्य में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा, जिनकी फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण होगी।उप कृषि निदेशक के अनुसार, प्रथम चरण में कृषि विभाग अपनी लाभार्थीपरक योजनाओं—जैसे उर्वरक, बीज, कीटनाशी एवं अन्य कृषि इनपुट—के वितरण में किसान पहचान पत्र को आधार बनाएगा। वहीं, द्वितीय चरण में अन्य विभाग भी इसी आधार पर लाभार्थियों का चयन करेंगे।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं, धान, दलहन एवं सरसों की खरीद भी बिना फार्मर रजिस्ट्री के नहीं की जाएगी। वर्तमान में सहकारिता विभाग द्वारा प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों एवं निजी विक्रेताओं के माध्यम से पीओएस मशीनों से उर्वरक वितरण किया जा रहा है, जिसे मई 2026 से किसान पहचान पत्र से जोड़ा जाएगा।सत्येन्द्र कुमार ने जनपद के सभी किसानों से अपील की है कि वे शीघ्र अपनी फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण करा लें, ताकि भविष्य में उन्हें पीएम किसान सम्मान निधि, उर्वरक, कीटनाशी एवं अन्य योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में कोई कठिनाई न हो।उन्होंने बताया कि किसान पंजीकरण के लिए पंचायत सहायक, रोजगार सेवक, कृषि विभाग के कर्मचारी, पंचायत सचिव, लेखपाल तथा नजदीकी जन सुविधा केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।
Post a Comment