नवागत एसपी अभिजीत आर. शंकर ने संभाला कार्यभार, कानून-व्यवस्था की ली जानकारी
देवरिया। नवागत पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने रविवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। देवरिया मुख्यालय पहुंचने के बाद उन्होंने पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ एक परिचयात्मक बैठक की। इस दौरान उन्होंने जिले की कानून-व्यवस्था की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। बैठक में नवागत एसपी ने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, साथ ही संवेदनशील मामलों में विशेष सतर्कता बरती जाए।अभिजीत आर. शंकर वर्ष 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। इससे पहले वे अंबेडकरनगर और औरैया में पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने लखनऊ कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) का पद भी संभाला है। मूल रूप से केरल के निवासी शंकर की छवि एक सख्त, अनुशासित और पेशेवर अधिकारी की रही है। उनके पिछले कार्यकाल में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर प्रभावी कदम उठाए गए थे, जिसके कारण उनकी कार्यशैली की सकारात्मक चर्चा रही है। देवरिया में उनकी नियुक्ति को लेकर प्रशासनिक हलकों के साथ-साथ आम जनता में भी उत्सुकता देखी जा रही है।
नवागत एसपी ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस टीम को बेहतर समन्वय के साथ काम करने और आमजन में विश्वास बढ़ाने की दिशा में प्रयास तेज करने के निर्देश दिए।
Post a Comment