खुले कुएं से मौत का खतरा, बालक गिरकर बाल-बाल बचा
देवरिया। जनपद देवरिया के थाना गौरी बाजार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा बेलडरिया में एक खुला कुआं ग्रामीणों के लिए लगातार खतरे का कारण बना हुआ है। यह कुआं बेचन यादव के घर के सामने स्थित है और लंबे समय से बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के खुला पड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस कुएं पर न तो ग्राम प्रधान का ध्यान है और न ही ग्राम विकास अधिकारी द्वारा कोई ठोस कदम उठाया गया है। शनिवार को इस लापरवाही का एक गंभीर उदाहरण सामने आया, जब गांव का एक बालक खेलते-खेलते अचानक इस कुएं में गिर गया। आसपास मौजूद लोगों की सतर्कता और त्वरित प्रयास से बालक को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यदि थोड़ी भी देर हो जाती तो यह घटना जानलेवा साबित हो सकती थी।
बताया जा रहा है कि कुएं में गिरने वाले बच्चे का नाम प्रियांशु है, जो एक स्थानीय पत्रकार के भतीजे बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पत्रकार विनोद कुमार ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्राम विकास अधिकारी से बातचीत की। इस पर ग्राम विकास अधिकारी ने आश्वासन दिया कि मामले को संज्ञान में लिया गया है और जल्द ही इसे कार्य योजना में शामिल कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि यह कुआं लंबे समय से खुला पड़ा है और कई बार इसकी शिकायत भी की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। गांव के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द कुएं को ढकवाया जाए या उसके चारों ओर सुरक्षा घेरा बनवाया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।
गांव में इस घटना के बाद लोगों में चिंता और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
Post a Comment