समर्पण, निष्ठा और सक्रियता का सम्मान, दीपक पाठक बने बाजार शुक्ल ब्लॉक मीडिया प्रभारी
शुकुल बाजार,अमेठी। गायत्री शक्तिपीठ अमेठी के संगठनात्मक विस्तार के तहत ब्लॉक स्तर पर मीडिया प्रभारियों की नियुक्ति में दीपक पाठक का नाम प्रमुखता से उभरकर सामने आया है। जिला मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र कुमार तिवारी द्वारा जारी सूची में उन्हें शुकुल बाजार ब्लॉक का मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है।यह जिम्मेदारी उनके निरंतर समर्पण, अनुशासन और सक्रिय भागीदारी का परिणाम मानी जा रही है। दीपक पाठक लंबे समय से गायत्री परिवार से जुड़े रहकर सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में अग्रणी भूमिका निभाते आए हैं। उनकी कार्यशैली में निष्ठा, प्रतिबद्धता और समाजहित की स्पष्ट झलक देखने को मिलती है।उनकी नियुक्ति से संगठन को नई मजबूती मिलने के साथ-साथ क्षेत्र में सकारात्मक संदेश गया है। इस उपलब्धि पर वरिष्ठ नेता गिरीश चंद्र शुक्ला, अशोक शर्मा, डॉ. श्रीकांत शुक्ला, दिलीप बनर्जी, दुर्गेश साहू, राजा सेठ सहित हजारों लोगों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।अमेठी की पावन धरा पर 15 से 19 अप्रैल तक आयोजित संगीतमय प्रज्ञा पुराण कथा के दौरान 16 अप्रैल को विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें समाज जागरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।इस क्रम में दीपक पाठक को ज्योति शक्ति कलश यात्रा में उनके उल्लेखनीय सहयोग और प्रभावशाली लेखनी के लिए सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने अपनी रचनात्मकता और सक्रियता से कार्यक्रम को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिससे उन्हें “कलम के सिपाही” के रूप में विशेष पहचान मिली है।यह सम्मान न केवल उनके कार्यों की सराहना है, बल्कि समाज सेवा के क्षेत्र में कार्य कर रहे युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। दीपक पाठक ने इस उपलब्धि पर गायत्री परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे आगे भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ समाज और संगठन के लिए कार्य करते रहेंगे।
Post a Comment