⚡ ब्रेकिंग News

10 दिन तक मौत से लड़ता रहा पत्रकार, बिगड़ती हालत के बाद झुका प्रशासन, आमरण अनशन खत्म कराने पहुंचे अधिकारी

10 दिन तक मौत से लड़ता रहा पत्रकार, बिगड़ती हालत के बाद झुका प्रशासन

आमरण अनशन खत्म कराने पहुंचे अधिकारी, निष्पक्ष जांच के आश्वासन पर टूटा अनशन

केएमबी खुर्शीद अहमद
अमेठी, 15 मई। ग्राम भरथीपुर में पिछले 10 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे पत्रकार त्रिपुरारी पांडेय का अनशन शुक्रवार को प्रशासनिक आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। लगातार बिगड़ती सेहत और बढ़ते जनदबाव के बीच आखिरकार प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा। जिलाधिकारी के निर्देश पर पहुंची डॉक्टरों की टीम और प्रशासनिक अधिकारियों ने निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच का भरोसा दिया, जिसके बाद नायब तहसीलदार ने जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया।बताया जा रहा है कि पिछले दस दिनों से भोजन त्यागकर धरने पर बैठे पत्रकार त्रिपुरारी पांडेय की हालत लगातार कमजोर होती जा रही थी। शुक्रवार दोपहर लगभग 2:30 बजे स्वास्थ्य विभाग की टीम अनशन स्थल पर पहुंची और उनका चिकित्सीय परीक्षण किया। डॉक्टरों ने स्वास्थ्य को चिंताजनक बताते हुए तत्काल हस्तक्षेप की आवश्यकता जताई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार अजय कुमार सिंह ने प्रशासन की ओर से निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की पारदर्शी तरीके से जांच कराई जाएगी तथा किसी भी पक्ष के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। प्रशासनिक आश्वासन के बाद डॉक्टरों और अधिकारियों की मौजूदगी में पत्रकार त्रिपुरारी पांडेय ने जूस ग्रहण कर अपना आमरण अनशन समाप्त किया।अनशन समाप्त होने की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद समर्थकों, ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पत्रकारों ने राहत की सांस ली। पिछले दस दिनों से क्षेत्र में तनाव और संवेदनशील माहौल बना हुआ था। बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग दोहराई। पूरे घटनाक्रम के दौरान प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर भी स्थानीय स्तर पर सवाल उठते रहे। ग्रामीणों और समर्थकों का कहना था कि जब पत्रकार लगातार 10 दिनों से आमरण अनशन पर थे और उनकी हालत बिगड़ रही थी, तब शुरुआती दिनों में प्रशासन ने गंभीरता क्यों नहीं दिखाई। लोगों का मानना है कि यदि समय रहते संवाद और पहल की जाती, तो स्थिति इतनी गंभीर नहीं होती।फिलहाल प्रशासन ने मामले में निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है। अब क्षेत्रवासियों और पत्रकार संगठनों की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई और जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...