तेज रफ्तार का कहर: पैदल जा रहे युवक को बाइक ने मारी टक्कर, दोनों गंभीर हालत में सुलतानपुर रेफर
अमेठी। मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पैदल जा रहे युवक से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार और पैदल युवक दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल सुलतानपुर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार ददरा-हिंगलाज रोड पर सड़क निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रही बाइक गिट्टी पर फिसलकर अनियंत्रित हो गई और पैदल जा रहे युवक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुसाफिरखाना पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की नाजुक हालत देखते हुए उन्हें सुलतानपुर रेफर कर दिया। घायलों की पहचान बाइक सवार राहुल पुत्र रघुनाथ कोरी तथा पैदल जा रहे तीरथ पुत्र मुन्नू, दोनों निवासी ददरा के रूप में हुई है।थाना प्रभारी विवेक सिंह ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान गिट्टी पर बाइक फिसलने से हादसा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Post a Comment