सिलेंडर में लगी आग, पलभर में राख हुई गृहस्थी, ग्रामीणों और दमकल कर्मियों की तत्परता से टला बड़ा हादसा
तिलोई, अमेठी। सिंहपुर विकासखंड क्षेत्र के महेशपुर मजरे महिया सिंदुरिया गांव में बुधवार को गैस सिलेंडर में अचानक आग लगने से एक परिवार की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा सारा सामान देखते ही देखते जल गया। हालांकि ग्रामीणों की सूझबूझ और दमकल विभाग की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।गांव निवासी संतोष मिश्रा ने बताया कि वह सुबह गैस एजेंसी से नया सिलेंडर लेकर आए थे। रेगुलेटर लगाने के बाद उन्होंने सिलेंडर की जांच भी की थी और सब कुछ सामान्य था। दोपहर में खाना बनाते समय अचानक रेगुलेटर के पास आग भड़क उठी। कुछ ही क्षणों में आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगते ही संतोष मिश्रा ने शोर मचाकर ग्रामीणों से मदद की गुहार लगाई। आवाज सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और रजाई, कंबल व अन्य साधनों से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तथा गैस एजेंसी के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।घटना में घर का सारा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।
Post a Comment