⚡ ब्रेकिंग News

आंधी तूफान में क्षतिग्रस्त हुए पोल व ट्रांसफार्मर पर तेजी से काम जारी, उपभोक्ताओं को जल्द मिलेगी विद्युत समस्या से निजात

आंधी तूफान में क्षतिग्रस्त हुए पोल व ट्रांसफार्मर पर तेजी से काम जारी, उपभोक्ताओं को जल्द मिलेगी विद्युत समस्या से निजात

केएमबी संवाददाता
सुलतानपुर। हाल ही में आए चक्रवातीय प्रभाव के कारण विद्युत वितरण खंड, बल्दीराय की आपूर्ति व्यवस्था पर व्यापक प्रभाव पड़ा। तेज आंधी एवं वर्षा के कारण अनेक स्थानों पर 11 केवी लाइनें क्षतिग्रस्त हुईं, विद्युत पोल गिर गए तथा वितरण ट्रांसफार्मर प्रभावित हुए। ऐसी विषम परिस्थितियों के बावजूद विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए युद्धस्तर पर मरम्मत एवं पुनर्स्थापन कार्य प्रारंभ किया गया। विभाग ने “सेवा ही सर्वोपरि” के सिद्धांत को अपनाते हुए उपभोक्ताओं को शीघ्र राहत प्रदान करने हेतु सभी संसाधनों का समुचित उपयोग किया।
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, बल्दीराय क्षेत्र के कुल 38 में से 38 11केवी फीडर चालू कर दिए गए हैं, जबकि शेष फीडरों पर तेजी से कार्य प्रगति पर है। चक्रवात के कारण लगभग 800 विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हुए थे, जिनमें से अब तक लगभग 650 पोल पुनः स्थापित कर दिए गए हैं। यह विभाग की तत्परता एवं कार्यकुशलता का प्रमाण है।
इसी प्रकार, चक्रवात के कारण कई वितरण ट्रांसफार्मर (डीटीएस) भी प्रभावित हुए थे। विभाग द्वारा प्राथमिकता के आधार पर इन ट्रांसफार्मरों की मरम्मत एवं प्रतिस्थापन का कार्य निरंतर किया जा रहा है, जिससे प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति शीघ्र बहाल हो सके।
विद्युत आपूर्ति बाधित होने से प्रभावित लगभग 510 ग्रामों में से अब केवल 50 ग्रामों में ही आपूर्ति आंशिक रूप से बाधित है। विभाग द्वारा इन शेष ग्रामों में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। वर्तमान में कुल प्रभावित ग्रामों का प्रतिशत घटकर लगभग 9.80% रह गया है, जो विभागीय प्रयासों की सफलता को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।
पुनर्स्थापन कार्य को गति देने हेतु विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर संसाधनों की तैनाती की गई है। इस कार्य में लगभग 160 कार्मिकों (80 विभागीय कर्मचारी एवं 80 कार्यदायी संस्था के कार्मिक) को लगाया गया है, साथ ही 10 हाइड्रा मशीनों की सहायता से पोल स्थापना एवं लाइन सुधार कार्य तीव्र गति से किया जा रहा है। सभी टीमें निरंतर दिन-रात कार्य करते हुए आपूर्ति को सामान्य बनाने में जुटी हुई हैं। विभागीय अधिकारियों द्वारा कार्य की सतत निगरानी की जा रही है तथा प्राथमिकता के आधार पर उन क्षेत्रों में कार्य किया जा रहा है, जहां आपूर्ति पूर्णतः बाधित है। ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष ध्यान देते हुए यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि अधिकतम उपभोक्ताओं तक शीघ्र विद्युत आपूर्ति पहुंच सके। विद्युत वितरण खंड, बल्दीराय आमजन से अपील करता है कि वे किसी भी प्रकार की विद्युत समस्या अथवा तार टूटने, पोल गिरने जैसी घटनाओं की सूचना तत्काल संबंधित उपकेंद्र या विभागीय हेल्पलाइन पर दें। साथ ही, सभी उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि वे क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। विभाग अपने उपभोक्ताओं को सुरक्षित, निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति प्रदान करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी इस प्रकार की आपदाओं से निपटने हेतु सजग एवं तत्पर रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...