पुलिस महकमें में मचा हड़कंप: एंटी करप्शन टीम ने नौ हजार रुपये रिश्वत लेते सिपाही को किया गिरफ्तार
तिलोई,अमेठी। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन टीम ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जायस कोतवाली में तैनात एक सिपाही को नौ हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान एक अन्य पुलिसकर्मी मौके से फरार होने में सफल रहा। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार कस्बा जायस के मोहल्ला कँचाना निवासी गुलजार अहमद के खिलाफ पंजाब नेशनल बैंक की ओर से परिसर में तोड़फोड़ और अभद्रता करने के आरोप में कोतवाली में तहरीर दी गई थी। आरोप है कि मामले में राहत दिलाने के नाम पर कोतवाली में तैनात सिपाही चंदन कन्नौजिया ने गुलजार अहमद से नौ हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।बताया जाता है कि रिश्वत की मांग से परेशान गुलजार अहमद ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से कर दी। शिकायत की पुष्टि होने के बाद टीम ने जाल बिछाया। पूर्व निर्धारित योजना के तहत शनिवार दोपहर जगदीशपुर मोड़ स्थित स्लाटर हाउस के पास जैसे ही गुलजार ने सिपाही को नौ हजार रुपये दिए, पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया।टीम ने मौके से रिश्वत की रकम बरामद कर आरोपी सिपाही को हिरासत में ले लिया। बाद में उसे भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाने ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। घटना के बाद पुलिस विभाग में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
Post a Comment