सैकड़ों लोगों ने उठाया निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ, अपोलो के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने किया मरीजों का परीक्षण
बाजारशुक्ल अमेठी। क्षेत्र के महोना पश्चिम में रविवार को आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में सैकड़ों मरीजों ने स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श का लाभ उठाया। अपोलोमेडिक्स हॉस्पिटल लखनऊ एवं ताहा मेडिकोज एंड जनरल स्टोर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में पेट, गैस्ट्रो तथा महिला रोग विशेषज्ञों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक सलाह दी। समाजसेवी प्रोफेसर मुस्ताक खान ने बताया कि भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में मरीज और तीमारदार शिविर में पहुंचे। गैस्ट्रो संबंधी समस्याओं से पीड़ित मरीजों का निःशुल्क परीक्षण कर उन्हें खानपान और उपचार संबंधी सलाह दी गई। उन्होंने बताया कि एक नवजात बच्चा पीलिया से पीड़ित मिला, जिसके इलाज के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता दिलाने का आश्वासन चिकित्सकों द्वारा दिया गया। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की बात कही।
महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. असना ज़हरा नकवी ने बताया कि वर्तमान समय में महिलाओं में बांझपन की समस्या तेजी से बढ़ रही है। देर से शादी, ओवरी में सिस्ट तथा स्वास्थ्य समस्याओं को छिपाना इसकी बड़ी वजह है। उन्होंने कहा कि वजन कम होना, भूख न लगना और पीरियड्स के दौरान अत्यधिक दर्द जैसी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। गर्भवती महिलाओं को आयरन और कैल्शियम की गोलियां लेने, टिटनेस का टीका लगवाने तथा नियमित चिकित्सकीय जांच कराने की सलाह दी।
गैस्ट्रो विशेषज्ञ डॉ. वासिफ रजा ने कहा कि भागदौड़ भरी जिंदगी और बाहर के भोजन पर बढ़ती निर्भरता पेट की बीमारियों का बड़ा कारण बन रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि मल में खून आने को केवल बवासीर समझकर नजरअंदाज न करें, यह कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकता है। उन्होंने लोगों से घर का शुद्ध भोजन खाने और नियमित शारीरिक मेहनत करने की अपील की।
Post a Comment