मैरवा में शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई: 527.4 लीटर विदेशी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार, ट्रक जब्त
मैरवा, सीवान। सीवान पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मैरवा थाना क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर धरनी छापर चेक पोस्ट के समीप वाहन जांच अभियान चलाकर एक ट्रक से 527.4 लीटर विदेशी शराब बरामद की। इस दौरान शराब तस्करी में शामिल दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तस्करी में प्रयुक्त ट्रक और एक मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 29 जून की रात करीब 9:25 बजे मैरवा थाना पुलिस को सूचना मिली कि धरनी छापर चेक पोस्ट के रास्ते एक ट्रक में भारी मात्रा में अवैध शराब लाई जा रही है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राहुल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हो गई और चेक पोस्ट के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।
जांच के दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक से 527.4 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही ट्रक को जब्त कर लिया और उसमें सवार दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रतन पासवान, पिता स्व. बैजू पासवान, निवासी जगदीशपुर कुशाही, थाना मोतीपुर, जिला मुजफ्फरपुर तथा संतोष कुमार, पिता महादेव पासवान, निवासी नरायनपुर कुशाही, थाना मोतीपुर, जिला मुजफ्फरपुर के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ कर शराब की खेप के स्रोत और गंतव्य के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ से शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
इस मामले में मैरवा थाना में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक ट्रक, 527.4 लीटर विदेशी शराब और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। इस अभियान में थानाध्यक्ष राहुल कुमार के साथ मैरवा थाना के अन्य पुलिसकर्मियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। सीवान पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब, स्मैक, गांजा या अन्य मादक पदार्थों के निर्माण, तस्करी अथवा बिक्री की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 9031683607 एवं 9031832789 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
Post a Comment