मेहरौना में सरकारी सस्ता गल्ला दुकान का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, स्टॉक पंजिका अद्यतन न मिलने पर डीएम नाराज, कोटेदार को दिए निर्देश
देवरिया, 30 जून। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने मेहरौना स्थित सरकारी सस्ता गल्ला दुकान का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टॉक पंजिका का अवलोकन किया तथा उपस्थित उपभोक्ताओं से खाद्यान्न वितरण के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण में स्टॉक पंजिका अद्यतन नहीं पाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कोटेदार को स्टॉक पंजिका नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने खाद्यान्न का वितरण निर्धारित मात्रा एवं समयानुसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उपस्थित उपभोक्ताओं से वितरण व्यवस्था के संबंध में जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने दुकान पर उपलब्ध इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने गेहूं के एक बोरे का वजन कराकर उसकी जांच कराई, जो सही पाया गया। इसके उपरांत उन्होंने उपस्थित उपभोक्ताओं से खाद्यान्न वितरण की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्हें निर्धारित मात्रा में तथा समय से खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाता है।
Post a Comment