70.47 लाख से संवरेंगे बाबा विलेश्वर धाम के दिन, पर्यटन विभाग की मंजूरी के बाद शुरू होगा जीर्णोद्धार
एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने किया भूमि पूजन
अमेठी। जामो ब्लॉक अंतर्गत दखिनवारा न्याय पंचायत स्थित प्राचीन बाबा विलेश्वर धाम के कायाकल्प की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। पर्यटन विभाग द्वारा 70.47 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने के बाद सोमवार को विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ किया।धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक महत्व से जुड़े बाबा विलेश्वर धाम के विकास को लेकर क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है। लंबे समय से मंदिर के जीर्णोद्धार की मांग की जा रही थी, जिसे अब पर्यटन विभाग की मंजूरी मिलने के बाद मूर्त रूप दिया जा रहा है।भूमि पूजन के अवसर पर एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि बाबा विलेश्वर धाम हजारों वर्ष पुरानी धार्मिक परंपराओं का प्रतीक है और क्षेत्र के श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का केंद्र है। यहां दूर-दराज से आने वाले भक्त भगवान शिव का जलाभिषेक कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना करते हैं।उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर की स्थिति काफी जर्जर हो चुकी थी, जिसके कारण श्रद्धालुओं को असुविधाओं का सामना करना पड़ता था। अब स्वीकृत धनराशि से मंदिर को नया स्वरूप प्रदान किया जाएगा।
बनेगी बारादरी, स्ट्रीट लाइट और भव्य प्रवेश द्वार
परियोजना के तहत मंदिर परिसर में व्यापक विकास कार्य कराए जाएंगे। इसमें आकर्षक स्ट्रीट लाइट, बारादरी, मंदिर परिसर का सुदृढ़ निर्माण तथा श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए भव्य प्रवेश द्वार (गेट) का निर्माण शामिल है। जीर्णोद्धार के बाद बाबा विलेश्वर धाम धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ेगा।भूमि पूजन कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य अर्चना त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान और स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनिल सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रोहित चौधरी, ग्राम प्रधान अचलपुर रामेंद्र सिंह, प्रधान प्रतिनिधि रविंद्र प्रताप सिंह, प्रधान प्रतिनिधि सुभाष तिवारी सहित सैकड़ों लोगों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
क्षेत्रवासियों ने मंदिर के जीर्णोद्धार को धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए सरकार और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
Post a Comment