बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े बुजुर्ग की गोली मारकर की हत्या, पुलिस प्रशासन पर उठे गंभीर सवाल
जगदीशपुर (अमेठी)। अमेठी जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के लोडियावा गांव में 75 वर्षीय हीरालाल द्विवेदी की दिनदहाड़े गोली मारकर की गई हत्या ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। शांत स्वभाव के बुजुर्ग की हत्या के पीछे आखिर क्या वजह रही, इसे लेकर गांव से लेकर पुलिस महकमे तक तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
परिजनों के अनुसार हीरालाल द्विवेदी की किसी से कोई प्रत्यक्ष दुश्मनी नहीं थी। ऐसे में उनकी हत्या का कारण लोगों की समझ से परे है। घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि आखिर एक बुजुर्ग व्यक्ति को निशाना बनाने के पीछे किसका और क्या मकसद हो सकता है।
ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि हत्या के पीछे संपत्ति विवाद की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। बताया जा रहा है कि हीरालाल द्विवेदी के बड़े बेटे का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि दूसरा बेटा मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। ऐसे में
परिवार की संपत्ति और उसके उत्तराधिकार को लेकर विभिन्न तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि अभी तक पुलिस की जांच में किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस तरह से बेखौफ होकर हत्या को अंजाम दिया गया, उसने कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि हत्या के सभी संभावित पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पारिवारिक, सामाजिक और संपत्ति संबंधी विवादों सहित हर बिंदु को जांच के दायरे में रखा गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
फिलहाल हीरालाल द्विवेदी की हत्या एक रहस्य बनी हुई है। गांव में हर किसी की जुबान पर यही सवाल है कि जिस बुजुर्ग की किसी से दुश्मनी नहीं थी, आखिर उसकी जान लेने की जरूरत किसे और क्यों पड़ी? पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही इस सनसनीखेज हत्याकांड की असल वजह सामने आयेगी
Post a Comment