नदी किनारे मिला CHO का शव, गोरखपुर में थी तैनाती, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
केएमबी शंभू नाथ दबे
देवरिया। एकौना थाना क्षेत्र में नदी किनारे मिले युवक के शव की पहचान गोरखपुर में तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) के रूप में हुई है। मृतक की पहचान दिलीप कुमार पांडेय (30) पुत्र वीरेंद्र नाथ पांडेय, निवासी सिकंदरपुर, थाना कलवारी, बस्ती के रूप में हुई है। घटनाके बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम पुलिस को बेलवा दुबौली के पास नदी किनारे एक युवक का शव मिला था। शव केवल अंडरवियर में था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान रविवार को शव की शिनाख्त दिलीप कुमार पांडेय के रूप में हुई। दिलीप गोरखपुर जनपद के ब्रह्मपुर ब्लॉक में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) के पद पर कार्यरत थे
परिजनों के अनुसार, चार जून के बाद से दिलीप से उनका संपर्क नहीं हो पा रहा था। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल सका। शव मिलने और पहचान होने के बाद परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों ने दिलीप की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जाए, ताकि घटना की वास्तविक वजह सामने आ सके।बताया जा रहा है कि मृतक की पत्नी भी स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत हैं और वर्तमान में बहराइच जनपद में तैनात हैं।पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
Post a Comment