कच्चे मकान की दीवार गिरने से मां-बेटी की मौत, पति व बेटा गंभीररूप से घायल
अमेठी। जनपद के जामो थाना क्षेत्र के घाटमपुर पूरे परमेश्वरी गांव में शनिवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। कच्चे मकान की मिट्टी की दीवार अचानक भरभराकर गिरने से मां और बेटी की मौत हो गई, जबकि आठ वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी ओमप्रकाश अपनी पत्नी कमलेश कुमारी (35), सात वर्षीय बेटी आशी और आठ वर्षीय बेटे दीपांशु के साथ शुक्रवार रात अपने कच्चे मकान में सो रहे थे। शनिवार सुबह करीब चार बजे मकान की मिट्टी की दीवार अचानक गिर गई, जिससे परिवार के सदस्य मलबे में दब गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जामो पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने कमलेश कुमारी और उनकी पुत्री आशी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल दीपांशु को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। जामो थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह ने बताया कि मिट्टी की दीवार गिरने से यह हादसा हुआ है। डेथ मेमो के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन भी कराया जा रहा है। ग्रामीण हनुमान ने बताया कि सुबह तेज आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे तो मकान का हिस्सा गिरा हुआ था और परिवार मलबे में दबा था। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
Post a Comment