बैनामे की भूमि पर छत निर्माण नहीं पड़ने दे रहे दबंग, पीड़िता ने लगाई डीम सुल्तानपुर से न्याय की गुहार
सीमांकन के बाद भी दबंग कर रहे परेशान, ऑफिसों के चक्कर काटने को मजबूर पीड़िता
सुल्तानपुर। जनपद के बल्दीराय तहसील में एक महिला को अपनी बैनामे की भूमि पर छत निर्माण करने से रोका जा रहा है। ग्राम रंगवा निवासी फूलमती पत्नी बेचू राम ने आरोप लगाया है कि सीमांकन और पत्थर नशब की कार्यवाही के बावजूद गांव के कुछ दबंग उन्हें परेशान कर रहे हैं। फूलमती के अनुसार, उनकी गाटा संख्या 394क पर न्यायालय उपजिलाधिकारी बल्दीराय के आदेश पर संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में सीमांकन और पत्थर नशब की कार्यवाही पूरी हो चुकी है। इस प्रक्रिया के बाद उन्होंने अपने मकान की चारों दीवारें तैयार कर ली हैं।
महिला का आरोप है कि गांव के राम प्रसाद और धर्मेंद्र पुत्र रामकरन, जिन्होंने उनके मकान से कुछ दूरी पर नवीन परती में मकान बना रखा है, उन्हें छत डालने से रोक रहे हैं। जब भी वह शटरिंग का काम शुरू करती हैं, तो विपक्षी 112 नंबर पर पुलिस बुला लेते हैं और धमकी देते हैं कि छत नहीं डालने देंगे। इस संबंध में फूलमती ने स्थानीय थाना हलियापुर में लिखित तहरीर दी थी। थाना प्रभारी के आदेश पर दीवान जी जब मौके पर जांच करने पहुंचे, तो विपक्षीगणों ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। वे अन्य लोगों से फोन करवाकर भी दबाव बनवाते हैं और कहते हैं कि 'जहां जाना है वहां जाइए, मकान निर्माण नहीं होगा'।
बुधवार को फूलमती ने जिलाधिकारी सुल्तानपुर को जनसुनवाई के दौरान लिखित प्रार्थना पत्र दिया। जिलाधिकारी ने उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है। फूलमती के पास उद्धरण खतौनी, उपजिलाधिकारी के आदेश और मौके की सीमांकन पत्थर नशब की स्थलीय कार्यवाही की प्रतिलिपि जैसे सभी आवश्यक दस्तावेज मौजूद हैं। अब देखने वाली बात ये है कि पीड़ित महिला द्वारा डीएम सुल्तानपुर से अपनी व्यथा (लिखित शिकायत) पर प्रशासन संज्ञान कब लेता है,या वृद्ध महिला पीड़ित इसी तरह ऑफिसों के चक्कर लगाने को मजबूर होती रहेगी।
Post a Comment