जनापुर में भक्ति की बही सरिता, सुंदरकांड पाठ में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
अमेठी। तिलोई विकासखंड के जनापुर गांव में भव्य सुंदरकांड पाठ एवं धार्मिक आयोजन का आयोजन बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम और हनुमान जी के जयकारों से पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री श्री 1008 श्री बालयोगेश्वर जी महाराज रहे, जिनके आगमन से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। भक्तों ने महाराज जी का फूल-मालाओं और जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने उन्हें सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार में समर्पित एक तेजस्वी संत और आध्यात्मिक मार्गदर्शक बताया। उनके प्रवचनों में धर्म, सेवा, मानव कल्याण और राष्ट्रहित की प्रेरणा झलकती है। संत परंपरा में उनका विशेष सम्मान माना जाता है और उनके सान्निध्य को श्रद्धालु अपने जीवन का सौभाग्य मानते हैं। महाराज जी ने अपने संबोधन में कहा कि सुंदरकांड का पाठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मबल, साहस और सकारात्मक ऊर्जा का स्रोत है। उन्होंने युवाओं से भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया। सुंदरकांड पाठ के दौरान पूरा वातावरण भक्तिरस में डूबा रहा। हनुमान चालीसा एवं भजन-कीर्तन के साथ श्रद्धालुओं ने धर्मलाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। ग्रामीणों ने बताया कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में भाईचारे, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का विस्तार होता है।
Post a Comment