एनएससीबी महिला पीजी कॉलेज में नव प्रवेशित छात्राओं का परिचयात्मक कार्यक्रम संपन्न
लखनऊ। स्थानीय नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय महिला पीजी कॉलेज, अलीगंज में 30 जुलाई को स्नातक एवं स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष में नव प्रवेशित छात्राओं के लिए परिचयात्मक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय, क्षेत्रीय केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ निदेशक डॉ. अनिल मिश्र और निदेशक डॉ. अनामिका सिन्हा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और महाविद्यालय तथा इग्नू के कुलगीत पाठ के साथ हुआ। प्राचार्य प्रो. शालिनी श्रीवास्तव ने छात्राओं को आशीर्वचन देते हुए कहा कि एनएससीबी का एक अर्थ नोबल, स्ट्रॉन्ग, कॉन्फिडेंट एंड ब्रिलियंट भी हो सकता है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ शक्ति का भी केंद्र है। छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कार्य करना होगा। इग्नू के वरिष्ठ निदेशक डॉ. अनिल मिश्र ने कहा कि यह राजधानी का प्रतिष्ठित महाविद्यालय है और यहां छात्राओं की प्रतिभा को निखारने का कार्य किया जाता है। डॉ. अनामिका सिन्हा ने छात्राओं को बताया कि रेगुलर कोर्सों के साथ-साथ इग्नू से संबंधित अनेक व्यावसायिक और डिप्लोमा कोर्स भी किए जा सकते हैं। इस अवसर पर सभी संकायों के प्राध्यापकों ने छात्राओं को संबोधित किया। उन्हें समय-सारिणी, यूनिफॉर्म और महाविद्यालय में संचालित होने वाली विभिन्न साहित्यिक व सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी दी गई। सम्पूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. उमा सिंह ने किया।
Post a Comment