⚡ ब्रेकिंग News

जुनून और सतत अभ्यास से जिले का नाम रोशन करें खेल प्रतिभाएं- डीएम

जुनून और सतत अभ्यास से जिले का नाम रोशन करें खेल प्रतिभाएं- डीएम

राष्ट्रीय खेल दिवस पर खेल भवन सह व्यायामशाला में प्रतिभाओं का हुआ उत्साहवर्धन

केएमबी मुकुल बरनवाल
सीवान। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को खेल भवन सह व्यायामशाला में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के कृतित्व एवं व्यक्तित्व को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नियमित अभ्यास और कठिन परिश्रम के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा तथा विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया।
कार्यक्रम की शुरुआत मेजर ध्यानचंद के तैलचित्र पर जिलाधिकारी के नेतृत्व में पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। जिला खेल पदाधिकारी उपेंद्र कुमार ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों का मोमेंटो एवं पौधा देकर स्वागत किया। कार्यक्रम में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ। बालिकाओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जबकि डीएवी इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स ने बैंड के साथ अतिथियों का स्वागत किया। बच्चों ने कराटे, वुशु और मार्शल आर्ट्स का आकर्षक प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों की खूब तालियां बटोरीं। मंच संचालन शिक्षक मनोरंजन सिंह ने किया।
 जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे सामूहिकता, सहिष्णुता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेल मैदान को देने का आह्वान किया। डीएम ने कहा कि जिले की खेल प्रतिभाएं नियमित अभ्यास, जुनून और कठिन परिश्रम के साथ आगे बढ़ें और अपने जिले का नाम रोशन करें। उन्होंने खिलाड़ियों को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन हर स्तर पर उनके सहयोग और समर्थन के लिए सदैव तैयार रहेगा। उन्होंने कहा कि राज्य के प्रत्येक जिले में खेल क्लब और एकलव्य विद्यालय सहित खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में कार्य किया जा रहा है। सीवान जिले के जीरादेई प्रखंड के भैंसाखाल में स्विमिंग पूल और मल्टीपर्पस हॉल भी प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि मशाल जैसे खेल कार्यक्रमों के माध्यम से जिले की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। खिलाड़ियों से उपलब्ध खेल सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की गई।
पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने कहा कि खेल व्यक्ति के संपूर्ण व्यक्तित्व के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नियमित रूप से खेलने से शारीरिक और मानसिक विकास सुनिश्चित होता है। उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं से प्रतिदिन खेल गतिविधियों में हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास और अनुशासन ही खेल प्रतिभाओं को प्रतिष्ठित मुकाम तक पहुंचाता है।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विभिन्न कबड्डी प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। धज्जू सिंह उच्च विद्यालय, भरथुई और महावीरी विजयहाता के बीच हुए रोमांचक मुकाबले में महावीरी विजयहाता की टीम ने 26-3 से जीत दर्ज की। किशुनपाली और भवराजपुर के बीच बालक वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में भवराजपुर की टीम विजेता रही। वहीं भवराजपुर और गहिलापुर के बीच हुए एक अन्य मुकाबले में गहिलापुर की टीम ने बाजी मारी।
बालिका वर्ग में उच्च विद्यालय छाता और रॉयल एकेडमी के बीच हुए मुकाबले में छाता की टीम विजेता रही। वहीं महेंद्र हाईस्कूल जीरादेई और उच्च विद्यालय गहिलापुर के बीच हुए मुकाबले में गहिलापुर की बालिका टीम ने जीत हासिल की।
फाइनल मुकाबले में बालक वर्ग में धज्जू सिंह उच्च विद्यालय, भरथुई तथा बालिका वर्ग में उच्च विद्यालय, छाता के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी।
कार्यक्रम में बंदोबस्त पदाधिकारी सुजीत कुमार, डीडीसी अमिताभ सिंह, एडीएम राजस्व प्रमोद कुमार, एडीएम लोक शिकायत इस्तियाक अली, सिविल सर्जन श्रीनिवास कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायती राज पदाधिकारी बालेंदु पांडेय, जिला योजना पदाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य वरीय प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में शिक्षक, खेल प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...