खमरियामाल में कीचड़ और जलभराव से ग्रामीण परेशान, सीईओ जनपद पंचायत से लगाई गुहार
बिछुआ। विकासखंड की ग्राम पंचायत खमरियामाल के ग्रामीणों ने गांव में लंबे समय से बनी कीचड़ और जलभराव की समस्या को लेकर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत बिछुआ को शिकायत सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में बताया गया है कि ग्राम खमरियामाल में गांव की मुख्य सड़क पर, विनोद पटेल के घर के सामने, बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भरा रहता है। बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क तो बनाई गई, लेकिन आवश्यक नाली निर्माण नहीं होने से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। इसके अलावा नल-जल योजना का पानी भी लगातार बहने से सड़क पर वर्षभर कीचड़ और जलभराव बना रहता है। ग्रामीणों ने शिकायत में सचिव एवं सरपंच को आवश्यक बजट उपलब्ध कराकर तत्काल सफाई, जल निकासी एवं नाली नि निर्माण कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीणों को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
Post a Comment