⚡ ब्रेकिंग News

दिनदहाड़े युवक पर जानलेवा हमला, सीओ के हस्तक्षेप के बाद दर्ज हुआ मुकदमा, थानाध्यक्ष की लापरवाही से कस्बा वासियों में आक्रोश

दिनदहाड़े युवक पर जानलेवा हमला, सीओ के हस्तक्षेप के बाद दर्ज हुआ मुकदमा, थानाध्यक्ष की लापरवाही से कस्बा वासियों में आक्रोश

केएमबी खुर्शीद अहमद
शुकुल बाजार,अमेठी। कस्बे में सोमवार सुबह दिनदहाड़े हुए जानलेवा हमले ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी। प्राथमिक विद्यालय बाजार शुक्ल के निकट पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक को मरणासन्न अवस्था में स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शुकुल बाजार पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल की पहचान कस्बा निवासी धर्मेंद्र पाठक पुत्र देवनारायण पाठक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार को खेत में बकरियां घुसकर फसल और पौधों को नुकसान पहुंचाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि उसी समय उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई थी और इसकी शिकायत स्थानीय पुलिस से की गई थी, लेकिन समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। परिजनों का कहना है कि यदि पुलिस ने पहले ही शिकायत पर सख्ती दिखाई होती तो सोमवार की यह गंभीर वारदात टाली जा सकती थी। पीड़ित देवनारायण पाठक की तहरीर के अनुसार, 2 अगस्त की शाम खेत में बकरियां चरने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद जमील पक्ष के लोगों ने ईंट-पत्थर और डंडों से हमला कर उनके पुत्रों धर्मेंद्र, सत्येंद्र और विपिन के साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि अगले ही दिन सोमवार सुबह करीब आठ बजे प्राथमिक विद्यालय के पास पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने धर्मेंद्र पाठक को घेर लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट दिया। हमले में उनके हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर उनकी जान बचाई, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद परिजनों ने स्थानीय थाने पहुंचकर मुकदमा दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन उनका आरोप है कि पुलिस ने काफी देर तक मामले में हीलाहवाली की। बाद में क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना अतुल सिंह के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया और कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने देवनारायण पाठक की तहरीर के आधार पर कस्बा निवासी जमील पुत्र रबूदी, उसकी पत्नी, सोनू, चांद बाबू, शान बाबू, अचू उर्फ कलीम सहित अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों जमील पुत्र रबूदी, मोहम्मद रियाज, शान बाबू तथा शहनाज को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
मामले में क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना अतुल सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा शेष आरोपियों की तलाश और पूरे प्रकरण की विवेचना जारी है।घटना के बाद कस्बे में तनाव का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटे-छोटे विवाद यदि समय रहते पुलिस स्तर पर गंभीरता से निपटा दिए जाएं तो ऐसी बड़ी घटनाओं से बचा जा सकता है। वहीं पुलिस की प्रारंभिक कार्यशैली को लेकर भी क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...