⚡ ब्रेकिंग News

मैरवा में भक्तिभाव से निकली श्रीकृष्ण भाव पालकी यात्रा, जयकारों से गूंजा नगर

मैरवा में भक्तिभाव से निकली श्रीकृष्ण भाव पालकी यात्रा, जयकारों से गूंजा नगर

केएमबी ब्यूरो मुकुल बरनवाल
मैरवा, सिवान। जन्माष्टमी के बाद सोमवार को मैरवा नगर में श्रीकृष्ण भाव पालकी यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। श्री राधा-कृष्ण की भक्ति में सराबोर श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ यात्रा में भाग लिया। यात्रा के दौरान पूरा नगर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा और जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। यात्रा का शुभारंभ श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना एवं महाआरती के बाद हुआ। इसके बाद सुंदर वस्त्राभूषणों और ताजे देशी-विदेशी फूलों से सजे लड्डू गोपाल के मनमोहक विग्रह को आकर्षक पालकी में विराजमान कर नगर भ्रमण कराया गया। पालकी यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए हरिराम ब्रह्म मंदिर, मैरवाधाम पहुंची।
यात्रा में शामिल कीर्तन मंडलियों द्वारा प्रस्तुत भजनों और संकीर्तन से वातावरण भक्तिमय हो उठा। भक्ति गीतों पर श्रद्धालु झूमते और नृत्य करते नजर आए। पूरा नगर ‘हरे कृष्णा, हरे रामा’ और ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयकारों से गुंजायमान रहा। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं युवा श्रद्धालुओं ने यात्रा में हिस्सा लिया।
श्रीकृष्ण भाव पालकी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की अनूठी भक्ति भी देखने को मिली। कई श्रद्धालु पालकी के आगे सड़क पर झाड़ू लगाकर मार्ग की सफाई करते हुए नजर आए। श्रद्धालुओं का कहना था कि भगवान की पालकी जिस मार्ग से गुजरे, वह मार्ग स्वच्छ और पवित्र रहे, इसी भावना से वे सेवा कर रहे हैं।
यात्रा के नगर भ्रमण के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्थानीय निवासियों और व्यापारिक संगठनों की ओर से भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए। इन शिविरों में पानी, शर्बत, फल, हलवा एवं ठंडे पेयजल की व्यवस्था की गई थी। नगर पंचायत की ओर से भी यात्रियों और श्रद्धालुओं के लिए पेयजल की विशेष व्यवस्था की गई।
यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए स्वयंसेवकों के साथ पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए।
श्रीकृष्ण भाव पालकी यात्रा के मैरवाधाम पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। महाप्रसाद ग्रहण करने के बाद कार्यक्रम का समापन हुआ। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, सेवा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...