आकाशीय बिजली गिरने से दो युवकों की मौत जबकि दो घायल युवकों का चल रहा है इलाज
सीवान। जिले के दरबेसपुर गांव में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। बताया जाता है कि गांव के प्रिंस यादव, बंधु यादव, सोनू और अशोक यादव बारिश के दौरान मवेशी बांधने के लिए गए थे। इसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरी। बिजली की चपेट में आने से प्रिंस यादव और बंधु यादव गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में दोनों की मौत हो गई।वहीं, बिजली गिरने की घटना में सोनू और अशोक यादव भी घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सदर अस्पताल, सीवान पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही दरबेसपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतकों के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से यह दर्दनाक हादसा हुआ। घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। फिलहाल घायल दोनों युवकों का इलाज सदर अस्पताल में जारी है। घटना के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।
Post a Comment