नवागत डीएम ने जिला अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, मरीजों से संवाद कर जानी स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत
अमेठी। नवागत जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने बुधवार को संयुक्त जिला चिकित्सालय गौरीगंज का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ओपीडी में मरीजों से सीधे संवाद कर दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय परामर्श और उपचार की स्थिति की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सभी मरीजों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का निरीक्षण कर दवाओं की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था देखी। ब्लड सैंपल कलेक्शन कक्ष, डायलिसिस यूनिट, फिजियोथेरेपी कक्ष और रक्तदान केंद्र का भी निरीक्षण किया। रक्तदान केंद्र में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बीपी अग्रवाल ने बताया कि ब्लड बैंक में वर्तमान में 26 यूनिट रक्त उपलब्ध है।
जिलाधिकारी ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर भोजन, दवाओं और अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। मरीजों ने सुविधाएं समय से मिलने की बात कही। वार्डों में लगे सीसीटीवी कैमरे भी क्रियाशील पाए गए। एसएनसीयू के निरीक्षण के दौरान उन्होंने नवजात शिशुओं को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं और देखभाल व्यवस्था की जानकारी ली तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एक मरीज ने बुजुर्गों और गंभीर मरीजों की सुविधा के लिए वेस्टर्न टॉयलेट की व्यवस्था कराने की मांग की। जिलाधिकारी ने सीएमएस को वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने और प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।डीएम ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था और बेहतर करने पर जोर देते हुए कहा कि मरीजों और उनके परिजनों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण मिलना चाहिए। इस दौरान सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह, सीएमएस डॉ. बीपी अग्रवाल समेत अन्य चिकित्सक एवं अधिकारी मौजूद रहे।
Post a Comment